जीत के ‘जश्न’ पर पाबंदी, धारा-144 लागू

By अफ़रोज़ आलम साहिल, TwoCircles.net

बेतिया : अगर आप पश्चिम चम्पारण के ज़िला के किसी गांव या शहर में रहते हैं. अगर आप आज अपनी पार्टी की जीत पर जश्न मनाने के लिए सोच रहे हैं, तो यह ख़बर आपके दुखद हो सकता है. सड़क पर जीत का जश्न मनाना आपके लिए भारी पड़ सकता है. कहीं ऐसा न हो कि जीत की खुशी आपको जेल के अंदर मनाना पड़े.


Support TwoCircles

पश्चिम चम्पारण के ज़िला प्रशासन ने ज़िला के वर्तमान माहौल को देखते हुए पूरे ज़िले में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है. साथ ही यह स्पष्ट आदेश दिया है कि इसका उल्लंघन करने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा.

IMG_20151023_173604

ज़िला प्रशासन की ओर से इस बात का भी ऐलान किया गया है कि आज बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना परिणाम आने के बाद जीतने वाले प्रत्याशी या उनके समर्थकों द्वारा विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ज़िला प्रशासन की ओर से विजय जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इतना ही नहीं, सड़क पर नारेबाज़ी करने पर भी प्रतिबंध है.

पश्चिम चम्पारण के ज़िला अधिकारी सह ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी लोकेश कुमार ने कहा है कि ऐसा ज़िला में विधि व्यव्सथा बनाए रखने के लिए किया जा रहा है. जीत के बाद प्रत्याशी व उसके समर्थक अति-उत्साह में सड़क पर तमाम मर्यादाओं को भूल जाते हैं, जिससे ज़िला में विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है. बस इसी ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार के विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी लगाई गई है.

आगे लोकेश कुमार सिंह ने यह भी बताया कि राजनीतिक प्रतिद्वंदता व प्रतिस्पर्धा के मद्देनज़र विजयी प्रत्याशी व अन्य प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच आपसी तनाव बढ़ने, वोटरों को डराने-धमकाने, जाति व साम्प्रदायिक विद्वेष फैलाने की संभावना बनी रही है. लिहाज़ा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के लिए ज़िला में अगले 48 घंटे के लिए धारा-144 लागू किया जा रहा है.

वो बताते हैं कि इसके लिए यहां चुनाव लड़ने वाले तमाम राजनीतिक दलों के ज़िलाध्यक्ष व सचिव के साथ मीटिंग भी आयोजित की गई थी. राजनीतिक दलों ने इसमें पूरा सहयोग का आश्वासन दिया है. इस बैठक में बेतिया एसपी विनय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, डीपीआरओ सहित राजनीतिक दलों से बीजेपी, जदयू, कांग्रेस, एनसीपी, रालोसपा आदि के जिलाध्यक्ष और सचिव मौजदू थे.

स्पष्ट रहे कि ज़िला में धारा-144 मतगणना शुरू होने के साथ ही अगले 48 घंटे के लिए लागू हो गई है. ऐसे में आपके लिए मुनासिब यही होगा कि जीत का जश्न आप अपने घर में अपने परिवार के साथ ही मनाएं.

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE