दिल्ली में मोदी-शाह पर भारी पड़ रहे केजरीवाल, ‘आप’ की आंधी में उड़ी बीजेपी

यूसुफ़ अंसारी, twocircles.net

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का मतदान ख़त्म होने के बाद अलग-अलग न्यूज़ चैनलो के एग्ज़िट पोल्स के औसत के मुताबिक आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करती दिख रही है। उसे 53 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी की रैलियों और गृहमंत्री अमित शाह के धुंआधार प्रचार के साथ ही 70 केंद्रीय मंत्रियों, 11 मुख्यमंत्रियों और 150 सांसदों को दिल्ली में झोंकने के बवजूद बीजेपी महज़ 15 सीटों पर सिमटती नज़र आ रही है। वहीं कांग्रेस जैसे तैसे अधिकतम 2 सीटें जीत सकती है। ये सिर्फ अनुमान है। नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। नतीजे अनुमानों से अलग भी हो सकते हैं।


Support TwoCircles

दिल्ली के नतीजों पर सिर्फ देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर की नज़रें लगीं है। इस लिए twocircles.net दुनिया भर में फैले अपने पाठकों के लिए तमाम टीवी चैनल्स पर हुए एग्ज़िट पोल्स के नतीजे एक जगह जमा करके पेश कर रहा है ताकि हमारे पाठक जान सकें कि किस चैनल ने दिल्ली विधान सभा चुनाव के नतीजों के बारे में क्या अनुमान लगाया है। सभी चैनलों के एग्ज़िट पोल्स में अनुमान लगाया गया है कि दिल्ली में आम आदमी की पार्टी की आंधी में बीजेपी ताश के पत्तों की तरह उड़ गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अकेले ही पीएम मोदी और गृहंमत्री अमिंत शाह की जोड़ी और उनकी भारी-भरकम फौज पर भारी पड़ते दिख रहें हैं।

पोल ऑफ़ एग्ज़िट पोल्स

सभी एग्ज़िट पोल्स में आम दिल्ली में भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान है। टीवी-9-सिसेरो में इसे 54, टाइम्स नाउ-एक्सिस के पोल में 47, रिपब्लिक टीवी के एग़्जिट में 48 से 61, एबीपी-सी वोटर के एग़्जिट पोल में 49 से 63 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। न्यूज़एक्स-पोलस्ट्रैट का अनुमान है कि आम आदमी  पार्टी को 50 से 56 सीटें मिल सकती हैं। इन सबका औसत निकाला जाए तो आम आदमी पार्टी को 53, बीजेपी को 15 और कांग्रेस को 2 सीटें मिलने की संभावना है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया 

इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया के एग्ज़िट पोल पर यकीन किया जाए तो दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को 59 से 68 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीजेपी 2-11 सीटों पर सिमट सकती है। कांग्रेस इस बार भी अपन खाता खोलने में नाकाम रह सकती है।

पश्चिमी दिल्ली

इस सर्वे के अनुसार पश्चिमी दिल्ली में आम आदमी पार्टी को 57 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है, जो एक रिकार्ड है। बीजेपी को 35 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। यहाँ आम आदमी पार्टी को 9 से 10 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी को सिर्फ़ एक सीट मिलने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम दिल्ली 

इस सर्वे में उत्तर पश्चिम दिल्ली में आम आदमी पार्टी को 7-9 सीटें मिलने की संभावन जताई गई है। बीजेपी को 1-3 सीटे मिल सकतीं हैं और कांग्रेसयहां भी बगैर खाता खोले रह सकती है।

इस तरह पश्चिमी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में विधानसभा की 20 सीटों में से आम आदमी पार्टी को 16 से 19 सीटें मिलने के आसार हैं। बीजेपी को इन दोनों लोकसभा सीटों की 20 सीटों में से सिर्फ 1-3 सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस यहां भी खाता खोलने में नाकाम रह सकती है।

उत्तर पूर्व दिल्ली

दिल्ली उत्तर पूर्व लोकसभा क्षेत्र की 10 सीटों में भी आम आदमी पार्टी को 7-10 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि बीजेपी 1-3 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस का खाता यहाँ भी खुलता नहीं दिख रहा।

चाँदनी चौक

चाँदनी चौक लोकसभा क्षेत्र की 10 विधानसभा में से आम आदमी पार्टी के खाते में 9-10 सीटें जा सकती है। बीजेपी की झोली में एक सीट जा सकती है। कांग्रेस की झोली यहां भी ख़ाली रह सकती है।

इन चार लोकसभा क्षेत्रों की 40 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी को 32 से 38 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बीजेपी 2 से 8 सीटों पर सिमटती दिख रही है। कांग्रेस का खाता तक खुलता नज़र नहीं आ रहा।

पूर्वी दिल्ली

इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया एग़्जिट पोल के अनुसार, पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को 9 से 10 सीटें मिलने की संभावना है। बीजेपी को 0-1 सीट पर पर ही संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस को कोई सीट मिलती नहीं दिख रही है। इस इलाक़े में आम आदमी पार्टी को 56 प्रतिशत वोट मिलता दिख रहा है।

इस तरह इन 5 लोकसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी को 41 से 48 सीटें मिलती दिखती हैं, जबकि बीजेपी को 2 से 9 सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस का खाता नहीं खुलने की भी उम्मीद नहीं है।

दक्षिण दिल्ली

दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की 10 विधानसभा सीटों में से 9-10 पर आम आदमी पार्टी जीतती दिख रही है। बीजेपी को 0-1 सीट पर जीत मिलती दिख रही है। इन सीटों में किसी पर कांग्रेस को जीत मिलने की कोई संभावना नज़र नहीं आ रही।

नई दिल्ली

नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को 9-10 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी को 0-1 सीट पर जीत हासिल हो सकती है। यहां भी कांग्रेस का खाता खुलने के आसार नहीं हैं।

दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों के विश्लेषण के बाद एग़्जिट पोल में यह अनुमान लगाया गया है कि आम आदमी पार्टी को 59-68 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी को 2-11 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस का शायद खाता भी न खुले।

टीवी 9-सिसेरो एग़्जिट पोल

टीवी-9 सिसेरो के एग़्जिट पोल के अनुसार आम आदमी पार्टी को 54 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी को 15 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस सिर्फ़ एक सीट के साथ अपना खाता खोल सकती है। इस सर्वे के मुताब्क़ कि आम आदमी पार्टी को 51 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है, जबकि बीजेपी को 34 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस को महज 4 प्रतिशत वोटों पर ही संतोष करना होगा। अन्य को 6 प्रतिशत वोट मिल सकते है।

टाइम्स नाउ-इपसॉस का एग़्जिट पोल

टाइम्स नाउ-इपसॉस के एग़्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 47 सीटें और बीजेपी को 23 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इस सर्वे में कांग्रेस को एक सीट भी मिलती नहीं दिख रही है।

रिपब्लिक टीवी-जन की बात 

रिपब्लिक टीवी-जन की बात एगिज़िट पोल के अनुसार आम आदमी पार्टी को 48 से 61 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बीजेपी 9 से 21 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस के एक  सीट जीतने की संभावना है। आम आदमी पार्टी को 51 से 52 प्रतिशत जबकि बीजेपी को 38 से 40 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। कांग्रेस को 4-5 तो अन्यों को 5 प्रतिशत वोट मिल सकता है।

एबीपी-सी वोटर 

एबीपी-सी वोटर के एग्ज़िट पोल में आम आदमी पार्टी को 49 से 63 सीटें और बीजेपी के 5 से 19 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। इसके मुताबिक़ कांग्रेस को भी 4 सीटें मिलने की संभावना है।

न्यूज़एक्स-पोलस्ट्रैट

टीवी चैनल न्यूज़एक्स और पोलस्ट्रैट ने अपने एग़्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 50 से 56 सीटें मिलने और बीजेपी के 10 से 14 सीटों पर सिमटने की संभावना जताई है। इस एग्ज़िट पोल में कांग्रेस को एक भी सीट मिलती नहीं दिख रही।

 

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE