भीम आर्मी के भारत बंद का व्यापक असर, दिल्ली मे भिड़े दो गुट, अलीगढ़ में बवाल 

आसमोहम्मद. कैफ़, Twocircles.net

दिल्ली। दलित के हितों के लिए सँघर्ष करने का दावा करने वाले संगठन भीम आर्मी एकता मिशन के आह्वान पर सर्वोच्च अदालत के प्रोन्नति में आरक्षण के संबद्ध में आए फैसले के विरोध में किए गए भारत बंद का देश भर में व्यापक असर देखने को मिला। ख़ासकर बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान ,पंजाब और दिल्ली में प्रदर्शन कामयाब रहा। इस दौरान भीम आर्मी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु वाल्मीकि की गाड़ी तोड़ दी गई। दिल्ली के मौजपुर और कबीरनगर में पक्ष और विपक्ष के लोगोंं के जमकर पथराव हुआ। अलीगढ़ में प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और बलपूर्वक उन्हें खदेड़ दिया। यहां आगजनी की भी ख़बरें है।


Support TwoCircles

आपको बता दें कि एक पखवाड़े पूर्व भीम आर्मी के सुप्रीमो चंद्रशेखर आज़ाद ने आज के दिन (23 फरवरी) को भारत बंद का ऐलान किया था। भारत बंद उन्होंने मुख्य तौर पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रोन्नति में आरक्षण के फैसले पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए बुलाया था। चंद्रशेखर ने इसी बंद में सीएए एनआरसी और एनपीआर के विरोध को भी शामिल किया था। इसके लिए वो देश में विभिन्न स्थानों पर अपने बंद के समर्थन जुटाते हुए घूम रहे थे।

चंद्रशेखर की अपील का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश,दिल्ली के कुछ खास इलाके, पंजाब,बिहार और राजस्थान में देखने को मिला। हालांकि देशभर में भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।भीम आर्मी को सबसे ज्यादा कामयाबी बिहार में देखने को मिली जहां उन्हें राजद ने पहले ही समर्थन कर दिया था।यहां भाकपा (माले) ने भी उनका समर्थन किया। दरभंगा, रोहतास और किशनगंज में बंद का गहरा असर देखने को मिला।दरभंगा में तो रेल तक रोक दी गई।

उत्तर प्रदेश में बंद का सबसे अधिक असर मेरठ जोन  में देखने को मिला।यहां ग़ाज़ियाबाद, शामली,हापुड़, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में बंद कामयाब रहा ।खासकर देहात में बंद का सबसे ज्यादा असर पड़ा। भीम आर्मी के स्थापना वाले जनपद सहारनपुर में पुलिस सुबह से ही हलकान रही थी। आज के प्रदर्शन के लिए हक़ीक़तनगर में एक जगह निर्धारित की गई थी। जहां से भीम आर्मी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रट तक मार्च निकालना चाहते थे मगर प्रशासन ने उन्हें ऐसा नही करने दिया।

मध्यप्रदेश के राजगढ़,पंजाब के अमृतसर और जालंधर,बिहार के दरभंगा,राजस्थान के अजमेर और नागौर, हरियाणा के पानीपत, पूर्वी यूपी के डुमरियागंज और सिद्धार्थनगर दिल्ली के ओखला, ज़ाफ़राबाद में बंद पूरी तरह कामयाब रहा।इन तमाम जिलों सड़कों पर लोग परेशान रहे और कई जगह यातायात के साधन तक नही मिले।भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अमृतसर में भी रेल रोक दी जिसके बाद होशियारपुर और अमृतसर का यातायात बहुत अधिक प्रभावित हो गया।

हालांकि दोपहर बाद दिल्ली में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की भाजपा नेता कपिल मिश्रा के समर्थकों से झड़प हो गई।

इस दौरान भीम आर्मी के दिल्ली प्रदेश अध्य्क्ष हिमांशु वाल्मीकि की काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी तोड़ दी गई। दिल्ली के ज़ाफ़राबाद मेट्रो स्टेशन के पास ‘जय भीम’लिखे हुए के एक बड़े बैनर और डॉ आंबेडकर की तस्वीरों को लेकर पहुंची हजारों महिलाएं ने शाहीन बाग़ की तर्ज पर धरने पर बैठ गई। यहां बीजीपी नेता कपिल मिश्रा ट्वीटर पर इन्हें हटाने के ऐलान के साथ आ धमके तो पक्ष विपक्ष दोनो में जमकर पथराव हुआ।

अलीगढ़ में भी प्रदर्शन में बैठी महिलाओं को पुलिस के जबरन हटाये जाने के प्रयासों के बीच बवाल हो गया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।अलीगढ़ एसएसपी मुनिराज के मुताबिक ऐसा यूनिवर्सिटी की कुछ छात्राओं के भीड़ को भड़काने से हुआ है।

भीम आर्मी के भारत बंद की दिनभर की देशभर से आई ख़बरों के बाद भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने इसे कामयाब बताया उन्होंने कहा कि “समाज के अंदर ऐसी जागरूकता देखकर उन्हें विश्वास हो गया है कि कोई अब उनके हक़ पर डाका नही डाल पाएगा।आज पूरे भारत मे बहुजन एक पैर खड़ा (एकजुट) नजर आया।कई जगह पर विरोधियों ने हमारे लोगो को उकसाने की कोशिश की मगर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने संविधान और अहिंसा में पूर्ण विश्वास रखते हुए संयम कायम किया है जिसके लिए वो बधाई के पात्र हैं। जिन लोगो ने हमारा समर्थन किया उनका हम विशेष तौर पर आभार व्यक्त करते है।”

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE