दिल्ली में हाथरस जैसी वारदात, 9 साल की मासूम को बलात्कार के बाद जलाया

विशेष संवाददाता। Twocircles.net

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ‘हाथरस कांड’ जैसी रेप वारदात सामने आई हैं। श्मशान घाट में लगे वाटर कूलर से पानी लेने गईं 9 साल की दलित लड़की के साथ शमशान घाट के पुजारी समेत तीन लोगों ने न सिर्फ बलात्कार करा बल्कि उसकी हत्या कर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने मृत नाबालिग लड़की की मां के बयान के आधार पर आरोपी शमशान घाट के पुजारी समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ पाक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, धारा 304, धारा 302, धारा 376 समेत कई अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।


Support TwoCircles

मामला दिल्ली कैंट थाना इलाके के पुरानी नांगल गांव का हैं। पुराना नागंल के श्मशान घाट के सामने किराए पर नौ साल की नाबालिग दलित लड़की अपने माता-पिता के साथ रहती थी। लड़की के माता-पिता कूड़ा बिनने का काम करते थे। रविवार लगभग 5:30 बजे लड़की अपनी मां को बताकर श्मशान घाट के वाटर कूलर से ठंडा पानी लेने गई थी। लेकिन करीब आधा घंटा बीतने के बाद लड़की वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई।

इसी बीच शमशान घाट के 55 वर्षीय पुजारी राधेश्याम ने नाबालिग लड़की की मां को श्मशान घाट बुलाया। जब लड़की की मां वहां पहुंची तो देखा कि लड़की का शव वाटर कूलर के पास पड़ा था। श्मशान घाट के पुजारी राधेश्याम ने लड़की की मां को बताया कि कूलर से पानी पीने के दौरान बिजली का करंट लगने से लड़की की मौत हो गई। लड़की की कलाई और कोहनी पर जलने के निशान थे और साथ ही लड़की के होंठ भी नीले पड़े थे।

मृत लड़की की मां के अनुसार राधेश्याम के साथ वहां काम करने वाले तीन अन्य लोग भी थे और उन चारों ने लड़की की मां से जल्दी अंतिम संस्कार भी करने के लिए कहा। लेकिन जब लड़की की मां ने इस बात का विरोध करा तो बदनामी होने का डर दिखाया। मृत लड़की की मां के अनुसार उन चारों ने लड़की की मौत के बारे में पुलिस को सूचित न करने के लिए कहा। साथ ही उन चारों ने लड़की की मां से कहा कि पुलिस मामला दर्ज करेगी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जहां डॉक्टर उसके अंगों को भी निकाल लेंगे। लड़की की मां के मुताबिक पुजारी ने उनसे यह भी कहा कि अंग निकालें जाने से लड़की की आत्मा भटकती रहेंगी। इससे पहले मृत लड़की की मां कुछ समझती , चारो लोगों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मृत लड़की के परिजन‌ शिकायत को लेकर थाने पहुंचे तो फरियाद नहीं दर्ज करी गई और घंटों थाने में बैठाए रखा। इसके बाद मृत लड़की की मां-बाप के शोर मचाने से इस घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई और गांव वाले शमशान घाट पर इकट्ठा हो गए और प्रदर्शन कर न्याय की मांग करने लगे। मामले की भनक पर पुलिस पहुंची। पहले तो पुलिस ने मामले में लीपा-पोती करने की कोशिश करी लेकिन स्थानीय लोग न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

पहले तो पुलिस ने आरोपी पुजारी राधेश्याम समेत तीन अन्य के खिलाफ धारा 304-A , धारा 201, धारा 342, धारा 34 के तहत मामले को दर्ज कर लीपा-पोती करने की कोशिश करी। उधर स्थानीय लोगों का धरना रविवार रात से सोमवार शाम तक जारी रहा, जिसमें कई राजनैतिक दलों के लोग भी पहुंच गए और आरोपियों पर हत्या और बलात्कार का मामला दर्ज करने की मांग करने लगे। न्याय की मांग को लेकर धरने से मामले के तूल पकड़ने के बाद मृत लड़की की मां की तहरीर पर दिल्ली कैंट थाने में श्मशान घाट के पुजारी राधेश्याम, लक्ष्मीनारायण, कुलदीप और सलीम के विरुद्ध पाक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, धारा 302, धारा 376, धारा 506 की धाराएं बढ़ाकर मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी हैं। लड़की की मां का कहना हैं कि शमशान घाट के पुजारी ने रेप करने की बात को उसके सामने स्वीकार भी किया है। लड़की की मृत्यु के बाद उसके मां की बदहवास हालत में हैं और आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रही है। पुरानी नांगल गांव में तमाम दलित संगठन धरने पर बैठे हुए आरोपियों के विरुद्ध फांसी की मांग कर रहें हैं। दिल्ली महिला आयोग और एससी-एसटी आयोग ने भी इस मामले को संज्ञान में लेते हुए दख़ल दिया है।

इस मामले में विपक्षी दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया हैं और सरकार से पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग करी हैं। आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद मृत दलित लड़की के परिवार से मिलने भी पहुंचे। चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता वो चुप नहीं बैठेंगे। चंद्रशेखर आज़ाद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हाथरस नहीं दोहराने देंगे।

इसके अलावा दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की और कहा हैं कि सरकार पीड़ित परिवार को आर्थिक और कानूनी सहायता देगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।

पूर्व सांसद और कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने भी पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। उदित राज ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली कैंट में पुजारी समेत तीन लोगों ने 9 वर्ष की दलित लड़की का बलात्कार करके जला दिया। उन्होंने आगे लिखा, पुलिस ने सुबह से शाम तक माँ-बाप को थाने में बैठाया। निर्भया जैसा जघन्य अपराध है। अंतर है मीडिया & सिविल सोसाइटी ग़ायब है क्योंकि लड़की दलित है। लड़की की माँ से मिला, लड़ाई अंत तक लड़ेंगे। कांग्रेस से राज्य सभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि वह इस मामले में को सदन में उठाएंगे।

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE