‘दूषित मानसिकता वाले लोग अब बहुजन समाज को कमज़ोर समझने की भूल न करें…’

TwoCircles.net News Desk

लखनऊ : दलित मुद्दों पर काम करने वाली भारतीय समन्वय संगठन ‘लक्ष्य’ द्वारा बहुजन समाज के अधिकार, उन पर बढ़ते हुए अत्याचार व एस सी/ एसटी एक्ट में बदलाव को लेकर एक “बहुजन भागीदारी महारैली” का आयोजन कल सोमवार लखनऊ में किया गया.


Support TwoCircles

यह महारैली लोहिया चौराहा से चलकर डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन प्रतीक-स्थल पर समाप्त हुई, जिसका नेतृत्व लक्ष्य की महिला कमांडरों ने किया.

लक्ष्य द्वारा आयोजित इस महारैली में शामिल हज़ारों लोगों ने बहुजन समाज के अधिकार, बढ़ते हुए अत्याचार व एससी/एसटी एक्ट में बदलाव को लेकर जोशीले नारे लगाए.

लक्ष्य की हरियाणा प्रदेश कमांडर कविता जाटव ने बहुजन समाज के अधिकारों पर हो रहे कुठाराघात पर दुःख प्रकट किया तथा लोगों से आवाहन किया कि अब समय आ गया है कि बहुजन समाज अपनी भागीदारी के लिए उठ खड़ा हो.

उन्होंने 2 अप्रैल के भारत बंद के लिए बहुजन समाज की हुई एकजुटता को एक अच्छी शुरुआत बताया.

उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को उनके अधिकार उनकी एकता के बल पर ही मिल सकते है. और हां, दूषित मानसिकता वाले लोग अब बहुजन समाज को कमज़ोर समझने की भूल न करे.

लक्ष्य के महाराष्ट्र प्रदेश के प्रभारी बापू राऊत ने दुःख प्रकट करते हुए कहा कि, देशभर में बहुजन समाज पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और दोषियों को सज़ा भी नहीं मिल पाती है. उच्चतम न्यायलय द्वारा एससी/एसटी एक्ट में बदलाव से दबंगो के हौसले और अधिक बढ़ेंगे.

गोरखपुर से आए लक्ष्य कमांडर गोरख प्रसाद सिद्धार्थ व वाराणसी से आये जी.पी. चौधरी ने कहा कि, 70 वर्षो की आज़ादी के बाद भी बहुजन समाज की स्तिथि में ज्यादा सुधार नहीं हुआ है और आज भी वो अमानवीय जीवन जीने के लिए मजबूर हैं.

उत्तराखंड से आए लक्ष्य कमांडर सलीम रिज़वी व उधम सिंह नगर के ज़िला कमांडर गंगा सागर ने कहा कि, अब बहुजन समाज किसी भी प्रकार के शोषण को सहन नहीं करेगा, बल्कि उसका मुंहतोड़ जवाब देगा.

दिल्ली से आए लक्ष्य कमांडर जयपाल सिंह ने दूषित मानसिकता वाले लोगों को चेतावनी भरे स्वर में कहा कि, अब बहुजन समाज जागरूक हो गया है और वो किसी भी प्रकार के शोषण को सहन नहीं करेगा.

लक्ष्य कमांडर रजनी सोलंकी, रश्मि गौतम, मंजीत कौर व मंजुलता आर्या ने बहुजन समाज पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए कठोर से कठोर क़ानून बनाने की मांग की.

लक्ष्य कमांडर चेतना राव, सुषमा बाबू, शशि सिंह व धम्मप्रिया गौतम ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि ग़लत तरीक़े से जेलों में बंद बहुजन समाज के लोगों को रिहा किया जाए और उनके पुनर्वास की भी व्यवस्था की जाए.

लक्ष्य कमांडर अंजू सिंह, राज कुमारी कौशल, बीना सम्राट, सीमा चौधरी व अल्पना गौतम ने कहा कि, सरकार बहुजन समाज पर अत्याचार के दोषियों को फ़ास्ट ट्रैक न्यायलय के माध्यम से कठोर से कठोर सज़ा सुनिश्चित करे ताकि बहुजन समाज पर हो रहे अत्याचारों पर लगाम लग सके.

हरियाणा से आए लक्ष्य के राष्ट्रीय प्रवक्ता के.पी. गौतम, लक्ष्य कमांडर मिलाप सिंह, एनसीआर प्रभारी गंगा लाल गौतम, लक्ष्य युथ कमांडर नीरज नाहरवाल व मनीष गौतम ने कहा कि, अगर सरकार हमारी मांगे नहीं मानती है तो मजबूरन हमें देशभर में “बहुजन भागीदारी आंदोलन” चलाना होगा.

इस अवसर पर लक्ष्य की टीम ने अपनी मांगो को लेकर महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, अध्यक्ष अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग, महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश, माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश व सभी माननीय सांसदों के नाम ज्ञापन भी दिया.

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE