भीम आर्मी का भारत बंद आज, सबसे सवेंदनशील सहारनपुर में अलर्ट प्रशासन 

आसमोहम्मद कैफ़, Twocircles.net

सहारनपुर। प्रोन्नति में आरक्षण और सीएए,एनआरसी और एनपीआर खत्म किए जाने के विरोध में भीम आर्मी  ने 23 फरवरी यानी आज रविवार को भारत बंद (Bharat Band) का ऐलान किया है। खासकर सहारनपुर में इसके व्यापक असर की बात की जा रही थी। सहारनपुर भीम आर्मी की स्थापना वाला ज़िला है। यहां पुलिस प्रशासन ने भी पूरी तरह से कमर कस ली है। चप्पे-चप्पे पर फाेर्स लगाई गई है। सुबह से पुलिस की गाड़ियां पेट्रोलिंग कर रही है।


Support TwoCircles

भीम आर्मी ने अपने गढ़ सहारनपुर में बंद को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भीम आर्मी पदाधिकारियों से बंद के लिए पहुंचने की अपील की है। इसी बीच इनपुट्स के आधार पर प्रशासन ने भी ज़िलेभर में फाेर्स लगा दी है। ख़ुफिया तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है और पुलिस लाइन में अतिरिक्त पुलिस बल रिजर्व कर लिया गया है। पुलिस की और से फील्ड में निगरानी टीम को एसपी विनीत भटनागर देख रहे हैं उनके मुताबिक भारत बंद आंदोलन के लिए प्रदर्शन की अनुमति मांगने वाले भीम आर्मी पदाधिकारियों को चेताया गया है कि अगर जबरन किसी भी व्यापारी से प्रतिष्ठान बंद करने के लिए कहा गया पुलिस बेहद सख़्त कार्रवाई करेगी।

बता दें कि भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने प्रोन्नति में आरक्षण खत्म किए जाने के विरोध में 23 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इसके लिए वो एक पखवाड़े से देश भर में समर्थन जुटा रहे थे।सहारनपुर भीम आर्मी का मातृ जनपद है। इसमें CAA का विराेध भी शामिल है। जानकारी के अनुसार बंद का असर ग्रामीण इलाकों में अधिक रहने की आशंका है क्योंकि देहात में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं में सक्रियता देखी जा रही है। भीम आर्मी लोगों से बन्द को सफल बनाने की लगातार अपील कर रही थी।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को खुफिया तंत्र से यह जानकारी भी भी मिली थी कि भारत बंद आंदोलन में सहारनपुर में भी भारी भीड़ उमड़ सकती है। अभी भी इसकी संभवना है। भीड़ धरना स्थल से कोर्ट रोड की ओर जा सकती है। इसके लिए पुलिस ने तैयारी कर ली है और फोर्स को पुलिस लाइन में रिजर्व कर लिया गया है। सहारनपुर जिले को अलग-अलग सेक्टरों में बांट दिया गया है और पुलिस अफसरों के साथ-साथ प्रशासनिक अफसरों की भी ड्यूटियां भी लगाई गई है।

मुख्य रूप से सहारनपुर, गंगोह, बिहारीगढ़ बेहट और देवबंद में फोर्स लगाया गया है। पड़ोसी राज्य और शहरों से भी आंदोलनकारियों के पहुंचने की आशंका है इसको देखते हुए हरियाणा और उत्तराखंड बॉर्डर पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। एसएसपी दिनेश कुमार पी के अनुसार रविवार को उत्तराखंड व हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों को भी चेकिंग के बाद ही उत्तर प्रदेश की सीमा में आने दिया जाएगा।

एसपी सिटी विनीत कुमार भटनागर ने पत्रकारो को बताया कि है बताया कि अभी तक भारत बंद को लेकर भीम आर्मी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन की अनुमति मांगी है। इसी आधार पर उन्हें हकीकत नगर धरना स्थल में प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने के लिए कलक्ट्रेट तक आने की अनुमति मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में फिलहाल सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ है। इनमे महिलायें भी शामिल है।

देवबंद में इस बंद का सबसे भारी असर होने की संभवना है।तमाम बड़े अधिकारी इस पर नज़र गड़ाए हुए हैं। देवबंद में महिलाएँ 27 दिनों से आंदोलन कर रही है। इस धरने को भीम आर्मी पहले ही समर्थन दे चुकी है। भीम आर्मी के महासचिव कमल वालिया की मां भी इस धरने में शामिल रही है। ज़ाहिर है देवबंद में आज का दिन काफी तनावपूर्ण रहने वाला है।

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE