फुलवारी शरीफ़ में साम्प्रदायिक तनाव, स्थिति नियंत्रण में

अफ़रोज़ आलम साहिल, TwoCircles.net


Support TwoCircles

फुलवारी शरीफ़ : पटना के फुलवारी शरीफ़ के ईसापुर इलाक़े में साम्प्रदायिक तनाव की ख़बर है. इस तनाव के दौरान दर्जनों गाड़ियों को आग हवाले कर दिया गया है. वहीं एक झोपड़ीनुमा घर और एक दुकान को भी फूंक दिया गया. आस-पास के देहातों में भी कुछ घरों में आग लगाने की कोशिश की गई है. एक मस्जिद में फायरिंग किए जाने की भी ख़बर है. इस पूरे हंगामे की बीच प्रशासन ने स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया है. हालात पूरी तरह से क़ाबू में हैं.

बताते चले कि यहां खानकाह मुजीबिया में सालाना उर्स चल रहा है. यहीं चादरपोशी के लिए एक जुलूस की शक्ल में लोग चादर लिए मज़ार की ओर आ रहे थे. लेकिन चश्मदीदों की माने तो इन्हें ईसापुर के राय चौक पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के ज़रिए रोकने की कोशिश की गई. इस दौरान अचानक फायरिंग से हालात बिगड़ गए. बताया जा रहा है कि इस फायरिंग में एक युवक को गोली लगी है और पथराव के दौरान कई ज़ख्मी हुए हैं. 

युवक को गोली लगने की ख़बर पूरे इलाक़े में आग की तरह फैल गई. इसके तुरंत बाद जमकर रोड़ेबाजी हुई. हंगामे के दौरान बिजली ट्रांसफॉर्मर में भी लोगों ने आग लगा दी,  जिससे ईसापुर अंधेरे में डूब गया है.

इस हिंसक घटना की सूचना मिलते ही यहां पुलिस पहुंच गई. उसने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराने का पूरी कोशिश की. इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा.

इस घटना की ख़बर मिलते ही डीएम संजय अग्रवाल, डीआइजी राजेश कुमार, एसएसपी मनु महाराज व वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने में जुट गए हैं.

डीएसपी रामाकांत प्रसाद ने TwoCircles.net से बातचीत में बताया कि स्थिति नियंत्रण में है. पूरे इलाक़े में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

दोनों समुदायों की ओर चल रहे इस रोड़ेबाज़ी में डीएसपी रामाकांत प्रसाद को भी चोटें आई हैं.

बता दें कि TwoCircles.net ने आज ही अपने एक ख़बर के ज़रिए इस बात की आशंका व्यक्त की थी कि ईसापुर में धीमे-धीमे जल रहे चिंगारी में आग लगाने की पूरी तैयारी कर ली गई है.

TwoCircles.net की इस ख़बर को आप यहां पढ़ सकते हैं :

पहले से ही सुलग रहा है फुलवारी, अब आग लगाने की तैयारी!

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE