लुधियाना में किसानों के साथ खड़ी हुई मुस्लिम तंजीमे, जबरदस्त प्रदर्शन

स्टाफ़ रिपोर्टर। Twocircles.net
लुधियाना में आज किसानों के पक्ष में भारत बंद के दौरान लुधियाना की ऐतिहासिक जामा मस्जिद से शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी की अगुवाई में शहर की सभी मुस्लिम संस्थाओं के हजारों सदस्यों ने मोदी सरकार के खिलाफ जबरदस्त मार्च निकाला। इस मार्च में लोगों ने हाथों में केंद्र सरकार के विरोध में प्ले-कार्ड उठा रखे थे और काली झंडियां लहराई जा रही थीं। प्रदर्शनकारी मोदी सरकार मुर्दाबाद, किसान एकता जिंदाबाद, हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई जिंदाबाद, गुंडागर्दी नहीं चलेगी, काले कानून वापिस लो, के नारे लगा रहे थे। यह रोष मार्च जामा मस्जिद के सामने से शुरू होकर जगराओं पुल, रेलवे स्टेशन रोड, ब्रॉउन रोड, सुभानी बिल्डिंग, शाहपुर रोड से होता हुआ फील्ड गंज चौक में समाप्त हुआ। इस मौके पर विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

