News

बिजनौर ट्रेन रेप कांड : निलंबित हुआ सिपाही, दर्ज हुआ मुक़दमा, लेकिन की जा रही है ख़ातिरदारी

बिजनौर ट्रेन रेप कांड : निलंबित हुआ सिपाही, दर्ज हुआ मुक़दमा, लेकिन की जा रही है ख़ातिरदारी

TwoCircles.net Staff Reporter

बिजनौर : चलती ट्रेन में रोज़ेदार महिला के साथ बलात्कार करने वाले सिपाही कोमल शुक्ला को एसपी जीआरपी केशव कुमार चौधरी ने निलबिंत कर दिया है. साथ ही जीआरपी थाने में ही रेलवे के सिपाही के विरुद्ध डरा-धमकाकर बलात्कार करने का मुक़दमा दर्ज किया गया है.

रिपोर्ट पीड़ित युवती खुश्बू (बदला हुआ नाम) की ओर से दर्ज कराई गई. कल सुबह सिपाही कोमल को जेल भेज दिया जायेगा. यह जानकारी मुरादाबाद जीआरपी के एसपी केशव चौधरी ने दी.

बताते चलें कि आज सुबह लगभग 9 बजे लखनऊ चंडीगढ़ सदभावना एक्सप्रेस में बिजनौर में जीआरपी के सिपाही को एक युवती की अस्मत लुटते हुए पकड़ लिया था. उग्र हुई भीड़ ने आरोपी को जमकर धुलाई की, मगर पुलिस की सक्रियता से उसे बचा लिया गया. इस मामले को लेकर दिनभर बिजनौर में तनाव रहा. इसके पीछे एफ़आईआर दर्ज न करना बताया जा रहा है. इस घटना का मुक़दमा लिखने के लिए 9 घंटे का समय लगा. पुलिस के अनुसार लड़की बेहोश थी. होश में आने के बाद उसने बयान दिया, तब पुलिस ने लिखा-पढ़ी की.

दूसरी तरफ़ सोशल मीडिया में एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें देखा जा रहा है कि आरोपी सिपाही कोमल शुक्ला की जीआरपी थाने में जमकर खातिरदारी की जा रही है. थाने में खाना और कोल्ड ड्रिंक्स दी गई. ये वीडियो वायरल होने पर गुस्साए लोगों ने फिर से थाने पर हंगामा कर दिया, जिन्हें समझा-बुझाकर शांत किया गया.

सिपाही को लॉकअप में बैठाने की मांग को लेकर भी कुछ लोगों की पुलिस से झड़प हुई. हालात की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर जनपद की पुलिस को अर्लट कर दिया है और चौकसी बरती जा रही है.