एएमयू की पुरानी छात्राओं ने बनाया ‘ब्यूटीज़ ऑफ़ दी एएमयू’ नामक संगठन

TwoCircles.net News Desk


Support TwoCircles

नई दिेल्ली : अभी तक देश के विभिन्न हिस्सों में अलीगढ़ मु्स्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) का ओल्ड ब्वायज़ एसोसिएशन सरगरम रहा है, लेकिन अब एएमयू से पढ़ी लड़कियां भी सरगरम होने के लिए एकजुट हो चुकी हैं.

पिछले रविवार 26 नवंबर, 2017 का दिन एएमयू से तालीम हासिल करने वाली महिलाओं के लिए एक नई पहल का दिन बना.  नई दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित विवांता ताज पैलेस में एएमयू से पढ़ी सैकड़ों महिलाएं जमा हुई और इस मौक़े पर एक ग्रुप का गठन किया. इस अवसर बाक़ायदा तौर पर ‘एएमयू ब्यूटीज़ डॉट कॉम’ नामक वेबसाईट भी लांच की गई.

इस अवसर पर पूर्व छात्रा और नामी वकील राना परवीन सिद्दीक़ी और मशहूर टीवी जर्नलिस्ट अरफ़ा ख़ानम ने अपने विचार व्यक्त किए. वक्ताओं ने उम्मीद ज़ाहिर की कि इस ग्रुप के ज़रिए वे महिलाओं का मार्गदर्शन तो करेंगे ही, ख़ुद भी एक समूह के रूप में संगठित रह पाएंगे.

दरअसल, एएमयू की दो पूर्व छात्राएं इरम रज़ा और सबा बिलाल ने सबसे पहले इसके लिए कोशिश शुरू की. फेसबुक के ज़रिए देश-विदेश में रह रही पूर्व छात्राओं को जोड़ना शुरू किया. उन्होंने इस ग्रुप को ‘ब्यूटीज़ ऑफ़ दी एएमयू’ का नाम दिया और कुछ ही समय में इसमें अठ्ठारह हज़ार पूर्व छात्राएं जुड़ चुकी थीं. अब इनका अगला क़दम था कि इस ग्रुप को सोशल मीडिया से निकाल कर असल दुनिया में लाया जाए. इस काम को इन दो छात्राओं ने अल्बीना अब्बास, सीरत रेहान, निदा ख़ानम, फ़लक रहमान की मदद से ये प्रोग्राम कराकर अंजाम दिया. अब आगे देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे प्रोग्राम कराने का इनका विचार है.

इन छात्राओं का मानना है कि अब तक अलीगढ़ ओल्ड बॉयज एसोसिएशन ही अलीगढ़ से पढ़ चुके पुरुष एवं महिलाओं के लिये संगठनात्मक कार्य करता रहा है. लेकिन जैसे-जैसे वक़्त बदल रहा है, ये ज़रूरत महसूस की जा रही थी कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्राएं अलग से संगठित हों. क्योंकि आज के समय में मुस्लिम महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक मुद्दों पर ध्यान देना अधिक ज़रूरी हो गया है.

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE