हादसा :मेरठ में मस्जिद की दीवार गिरी, 2 की मौत

स्टाफ़ रिपोर्टर।Twocircles.net

-मेरठ शहर के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर इलाके में आज दोपहर एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक मस्जिद में दीवार गिरने के कारण 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमे से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा आज जुमे की नमाज के बाद हुआ। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय मस्जिद में 40-50 मस्जिद में मौजूद थे। यह लोग बारिश के चलते मस्जिद में रुक गए थे।


Support TwoCircles

अहमदनगर की गली नम्बर 9 में जिस मस्जिद में यह हादसा हुआ,उसकी हालात बिल्कुल भी खराब नही थी। दीवार हाल के दिनों में बनकर तैयार हुई थी, मगर स्थानीय लोगो की माने तो जर्जर बिल्कुल नही थी। दीवार के साथ छज्जा भी टूट कर गिर गया। मस्जिद की दूसरी मंजिल से यह दीवार और छज्जा टूट कर गिर गया। यहां कई दिन से हो रही बारिश के चलते दीवार गीली जरूर गई थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय विधायक रफीक अंसारी और प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम वहां मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी विनीत भटनागर और सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र कुमार सिंह काफी तत्परता दिखाते हुए दबे हुए घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय निवासी अदनान अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मस्जिद का छज्जा टूटने से यह हादसा हुआ है। यह बारिश की वजह हो सकता है क्योंकि दीवारें गीली हो चुकी है। राहत की बात यह है कि कोरोना गाइडलाइंस के चलते मस्जिद में बहुत कम लोग नमाज पढ़ रहे थे। सामान्य दिनों में यह हादसा बहुत बड़ा हो सकता था।

यहां के निवासी गौहर अनवर ने बताया कि हादसे की वजह बारिश है यहां जुमे की नमाज के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए लोग मस्जिद में ही रुक गए। इसी बीच भरभराकर मस्जिद की दीवार गिर गई और दर्जनभर लोग उसके नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लाेगों ने खुद राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई। बाद में पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच राहत-बचाव कार्य दबे हुए लोगो को निकाला।

मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित इस मस्जिद का नाम मोहम्मदिया मस्जिद है। एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट समेत पुलिस अधिकारी मौके पर हैं और बचाव कार्य चल रहा है। यह हादसा नमाज पढ़ने के दौरान नही हुआ है बल्कि जब लोग जुमे की नमाज पढ़कर लोग घर लौट रहे थे। तभी तेज बारिश आने के चलते कुछ लोग मस्जिद में ही रुक गए और उस दौरान मस्जिद की एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई, जिसमें दर्जनों लोग दब गए। इस दौरान चीख-पुकार मच गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मरने वाले वालों में अफ्फान और बबलू को बताया जा रहा है,जबकि घायलों में फुरकान, इरशाद ,नूर मोहम्मद ,नदीम और शाहिद बताएं जा रहे हैं।

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE