बिहार के बिक्रमगंज में साम्प्रदायिक तनाव, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में

फ़हमिना हुसैन, TwoCircles.net

बिक्रमगंज (बिहार) : बिहार के रोहतास ज़िले में रामनवमी के मौक़े पर निकलने जुलूस के दौरान हंगामा, आगजनी व पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. डीएम अनिमेष कुमार पराशर व एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो घटनास्थल पर कैम्प कर रहे हैं. वहीं रोहतास के पुलिस कप्तान सहित अधिकारियों का दल भी बिक्रमगंज पहुंच गया है.


Support TwoCircles

एएसपी नीरज कुमार सिंह ने मीडिया को दिए अपने बयान में बताया कि, ‘जुलूस में शामिल असामाजिक तत्वों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है. उनकी पहचान की जा रही है. एसपी ने बताया कि पूरी घटना की वीडियोग्राफी कराई गई है. सभी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.’

स्थानीय लोगों के मुताबिक़ इस घटना की पटकथा पहले से ही तैयार कर ली गई थी. स्थानीय पुलिस भी इस पटकथा से बखूबी रूबरू थी, इसलिए बिक्रमगंज के तेन्दुनी चौक से निकले रामनवमी जुलूस के लिए सासाराम रोड को पहले से बंद कर दिया गया था, लेकिन बावजूद इसके सासाराम रोड पर जाकर खूब उत्पात मचाया गया. जुलूस में शामिल बाइक-सवार कुछ युवकों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़-फोड़ की. क्योंकि सासाराम जाने वाली ये सड़क मुस्लिम बाहुल्य इलाक़े की तरफ़ जाती है.

इस घटना के बाद इस इलाक़े में रहने वाले लोग काफी डेर हुए हैं. नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि, ‘रामनवमी में निकलने वाले जुलुस को विक्रमगंज चौक से नटवर रोड तक जाने का लाइसेंस मिला था, लेकिन जुलूस में शामिल कुछ उत्पाती व हथियार से लैस युवक विक्रमगंज से सासाराम रोड पर मुस्लिम बाहुल्य इलाक़े की तरफ़ जाने सड़क पर जाकर खूब तोड़-फोड़ मचाया.’

स्थानीय निवासी आमिर कुरैशी, जिनका मुर्गी की दुकान है, उन्होंने बताया कि, ‘पथराव के दौरान उनके दूकान का बहुत नुक़सान हुआ है. लोगों ने उनकी दुकान तो तोड़ी ही, साथ ही बहुत सी मुर्गियों को भी भगा डाला.’

शमसाद कुरैशी का कहना है कि, ‘मेरी कोल्ड-ड्रिंक और लस्सी की दुकान को भी नहीं छोड़ा. सबकुछ लूट कर ले गये और सामान का नुक़सान भी बहुत किया.’

वहीं रामनवमी के जुलूस में शामिल लोगों का आरोप है कि जुलूस के दौरान दूसरे समुदाय की तरफ़ से पत्थरबाजी की गई, जिससे एक पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हो गए.

सासाराम रोड पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण ले लिया था. अब रामनवमी का ये जुलूस जब धनगाई टोला से तेन्दुनी चौक लौटने लगा तो एसडीओ आवास से कुछ दूरी पर धनागई रोड में खड़ा कथित तौर पर मवेशी लदा ट्रक से असमाजिक तत्वों ने मवेशी को उतारने लगे, जिसका चालक ने विरोध किया. चालक के विरोध करने पर जुलूस में शामिल लोगों ने पहले चालक के साथ मारपीट की और फिर मवेशियों को ट्रक से उतार कर ट्रक में तोड़-फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया. यही नहीं, क़रीब में खड़ी एक बाइक में भी आग लगा दी गई. ट्रक और बाइक किसकी थी इसका पता नहीं चल सका है.

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस छावनी में तब्दील हुआ तेंदुनी चौक से लेकर काव नदी तक के इलाक़े में कर्फ्यू जैसा माहौल बना हुआ है. लोगों को घरों से फिलहाल निकलने पर रोक लगा दिया गया है. सड़कों पर केवल पुलिस ही गस्त लगा रही है.

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE