बटला हाउस के बाद आज़मगढ़ पर एक रिपोर्ट ‘तारीख़ों में गुज़रे नौ साल’ कल जारी होगी

TwoCircles.net News Desk

लखनऊ : रिहाई मंच बटला हाउस की नौवीं बरसी पर 19 सितम्बर मंगलवार को 2:30 बजे यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में ‘लोकतंत्र पर बढ़ते सरकारी हमले’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन करेगा.


Support TwoCircles

गौरी लंकेश को याद करते हुए इस गोष्ठी के मुख्य वक्ता समझौता बम विस्फोट की जांच करने वाली एसआईटी के प्रमुख रहे हरियाणा कैडर के पूर्व आईपीएस विकास नारायण राय होंगे.

इस गोष्ठी में बटला हाउस के बाद आज़मगढ़ की स्थिति पर एक रिपोर्ट ‘तारीखों में गुज़रे नौ साल’ जारी होगी.

रिहाई मंच प्रवक्ता शाहनवाज़ आलम ने बताया कि, पिछले दिनों कर्नल पुरोहित की ज़मानत को उनकी बेगुनाही के बतौर जिस तरह से प्रचारित किया जा रहा है, ऐसे में समझौता बम विस्फोट की जांच करने वाली एसआईटी के प्रमुख रहे पूर्व आईपीएस विकास नारायण राय को सुनना महत्वपूर्ण होगा.

उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में आतंकवाद के विभिन्न मामलों में सालों साल बाद छूटने के बाद भी यह मानसिकता बनाई जाती है कि वह सबूतों के अभाव में छूट गए. ऐसा कह कर उनकी बेगुनाही पर संदेह पैदा करने की कोशिश की जाती है. ऐसे ही वक़्त में आतंकवाद के आरोपी कर्नल पुरोहित की सिर्फ़ ज़मानत पर सेना की तीन-तीन गाड़ियां जेल से उन्हें लाती हैं और उनको सेना की वर्दी से ‘सुशोभित’ किया जाता है.

उन्होंने बताया कि, बटला हाउस की बरसी पर हम आतंकवाद से जुड़े अन्य मामलों पर भी सरकार व सुरक्षा एजेंसियों के रवैये पर चर्चा करेंगे.

इस मौक़े पर ‘तारीखों में गुज़रे नौ साल’ एक रिपोर्ट भी जारी होगी जो आज़मगढ़ के उन नौजवानों और परिवारों के बारे में है, जो मार दिए गए, जेलों में बंद हैं या फिर कुछ लापता हैं, जिन्हें फ़रार बताकर कभी आईएस से जोड़ा जाता है तो कभी इराक़ और सीरिया में उनके मारे जाने की ख़बरें जारी की जाती हैं.

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE