News

मॉब लिंचिंग : बिहार में चोरी के आरोप में भीड़ द्वारा पीटकर की गई राशिद की हत्या

मॉब लिंचिंग : बिहार में चोरी के आरोप में भीड़ द्वारा पीटकर की गई राशिद की हत्या
नेहाल अहमद । Twocircles.net
बिहार के मुज़फ्फरपुर ज़िले के मीनापुर थाने के तुर्की पुरानी घरारी गांव में चोरी के आरोप में शुक्रवार की सुबह भीड़ ने पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई है । मृतक की शिनाख्त सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के भगवान छपड़ा दरबार के मोहम्मद नूर आलम के 23 वर्षीय पुत्र मोहम्मद राशिद आलम के रूप में की गई है । पुलिस ने शव को ताड़ी व्यवसायी लालू चौधरी उर्फ लालबाबू चौधरी के दरवाजे से बरामद किया । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया । मृतक के भाई सदाब ने साजिश के तहत 10 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है ।
जानकारी के मुताबिक इस संबंध में तुर्की पुरानी घरारी निवासी लालबाबू चौधरी ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि चोरी की नीयत से मोहम्मद  राशिद चार- पांच साथियों के साथ उनके घर में घुसा था । इस बीच उनके पुत्र शेखर कुमार की नींद खुल गई। शोर होने पर राशिद पकड़ा गया जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। शोर सुनकर जुटे लोगों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। बताया गया कि राशिद ने शेखर पर जानलेवा हमला किया था जिसमें वह भी जख्मी हो गया। बताया गया है कि कुछ लोग बकरी व्यवसायी बनकर वहां आते थे और महिलाओं से मोबाइल नंबर मांगते थे। इसकी शिकायत महिलाओं ने स्वजनों से की थी।
दूसरी ओर मृतक के भाई मोहम्मद शादाब आलम ने थाने को दिए आवेदन में अपने भाई की साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने आवेदन में बताया कि खेदू छपरा गांव के पांच लड़के गुरुवार की रात उसके भाई को बहला- फुसलाकर घर से बुलाकर ले गए और तुर्की पुरानी घरारी गांव के अन्य पांच लोगों के साथ मिल कर उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष राज कुमार ने भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने की पुष्टि करते हुए दोनों पक्ष का आवेदन मिलने की बात कही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तहकीकात जारी है। प्रेम प्रसंग का भी मामला सामने आ रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस लालबाबू चौधरी और उनके पुत्र शेखर कुमार को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है ।