News

कोरोना के चलते यूपी में 'कंप्लीट लॉकडाऊन' शामली में एक 'पॉज़िटिव केस', बिजनौर में बुख़ार के मरीज़ ने की खुदकुशी

कोरोना के चलते यूपी में 'कंप्लीट लॉकडाऊन' शामली में एक 'पॉज़िटिव केस', बिजनौर में बुख़ार के मरीज़ ने की खुदकुशी
आस मोहम्मद कैफ़, Twocircles.net
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के शामली में (covid-19) कोरोनो वायरस का पहला केस पॉज़िटिव मिलने के बाद हडकम्प मच गया है। इस जनपद को 23 मार्च को लॉकडाउन किए गए उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में शामिल नही गया था। पॉज़िटिव पाया गया युवक एक सप्ताह पहले 15 मार्च को दुबई से यहां पहुंचा था। इसकी जानकारी के तुरंत बाद शामली जनपद को पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया। यह युवक कैराना का रहने वाला है और सात दिन से खुला घूम रहा था। इस जनपद की सीमा हरियाणा राज्य से मिलती है। जिसे फिलहाल सीज़ कर दिया गया है।
33 साल के युवक शाहनवाज़ के गले मे इंफेक्शन हुआ था। सहारनपुर आयुक्त संजय कुमार और डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल इसके बाद तुरंत शामली पहुंच गए। इसके अलावा दुबई से ही आई एक अन्य 27 वर्षीया महिला को भी आइसोलेट किया गया है।उसको गहन जांच कक्ष में रखा गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश को ही लॉकडाउन कर दिया है।साथ ही उन्होंने कहा है कि सरकार लोगो के अनुशासन में ना रहने पर कर्फ़्यू भी लगासहै।मुज़फ़्फर नगर में भी दो मरीजों को कोरोना वायरस के असर में होने का संदेह जताया जा रहा है।हालांकि इसे अभी स्पष्ट तौर पर नही कहा जा सकता।
शामली में कोरोनो पॉज़िटिव पाए गए शख्स का दिल्ली में सेम्पल लिया गया था मगर वो वहां से अपने घर कैराना भाग आया था। इस दौरान वो कैराना से शामली भी आया और अपना दोस्तों से भी मिला। सूत्रों के मुताबिक़ उससे मिलने वाले सौ से ज्यादा लोग दहशत में आ गए हैं।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल 12 हजार वाहनों का चालान किया गया और 700 वाहनों को सीज़ कर दिया गया है। कुछ जगहों पर पुलिस ने लोगो को घरों में रोकने के लिए सख्ती बरती है। जैसे मेरठ में सड़क पर आने वाले लोगों को "मैं समाज का दुश्मन हूँ" लिखे हुए पोस्टर देकर फ़ोटो सोशल मीडिया पर प्रकाशित किये गए।
सहारनपुर में पुलिस ने बेवज़ह सड़क पर घूमने वाले कुछ लोगो की हल्की फुल्की पिटाई भी की है। सहारनपुर में विदेश से आये हुए लोगोंं की पहचान कर एक महीने तक घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है। एक संदिग्ध युवक हाल ही में चीन से लौटा था जिसे आइसोलेट किया गया है। वो सरसावा के मोहल्ला चौधरियान का रहना वाला है।मुज़फ़्फ़र नगर को पहले लॉकडाउन नहींं किया गया था मगर वहां भी पूरी तरह लोगोंं को घर के अंदर रहने के लिए पुलिस की गाड़ियां हूटर बजाते हुए घूम रही है।
बिजनौर जनपद में भी दो संदिग्ध मरीज़ मिलने की बात कही जा रही है। फिलहाल बिजनौर की तमाम सीमाएं सील कर दी गई है। शहर बिजनौर के जैन धर्मशाला के पास डूडा विभाग में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी को कोरोनो वायरस होने की आशंका में जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। वो जनपद में जिला समन्वयक के पद पर काम कर रहे थे। उसके बाद डूडा कायार्लय को बंद कर दिया गया। इसके अलावा एक अन्य कर्मचारी के भी आत्महत्या करने की ख़बर है। बताया जा रहा है उसे बुख़ार हो गया था।
बिजनौर के सीएमएस ज्ञान चंद ने बताया है कि अब तक 3 लोगो को आइसोलेट किया गया है। इनकी जांच की जा रही है। वो इनमे कोरोनो की पुष्टि नही कर रहे हैं। दो ऐसे युवकों की भी जांच की जा रही है जो सऊदी अरब से लौटे थे।