मेरठ में गोरक्षा समिति अध्यक्ष ने किया चलती कार में रेप,गिरफ्तार

विशेष संवाददाता । Twocircles.net 

मेरठ में चलती कार में बलात्कार हुआ है। इस शर्मनाक घटना के बाद किशोरी की हालत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी  युवती को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देता था। जिस कार में यह घटना हुई है।  उस स्वीफ्ट कार में आगे ही भाजपा का स्टीकर लगा हुआ है। यही नही आरोपी ने  खुद को  गौरक्षा सेवा समिति का महानगर अध्यक्ष बताकर पुलिस को प्रभाव में लेने की भी कोशिश की। गाड़ी में खून बिखरा पड़ा है। पुलिस ने गाड़ी को भी कब्ज़े में ले लिया है।


Support TwoCircles

पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का नाम पुलकित सैनी है। छात्रा  मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग लेने आती थी। शुक्रवार को कोचिंग की छुट्टी थी, इस पर युवक ने किशोरी की स्कूटी बागपत रोड स्थित कैफे पर खड़ी कराई और उसे अपने साथ कार में बिठाकर ले गया। बताया जा रहा है कि  कार को सुनसान जगह पर ले जाकर उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे वापस छोड़ दिया। किशोरी घर पहुंची तो उसकी हालत बिगड़ने लगी। इस पर परिजनों ने उसे केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसपी अजय साहनी ने जानकारी देते हुए बताया​ कि पुलिस को एक मेमो मिला जिसमें छात्रा के बारे में जानकारी मिली। इस पर तत्काल टीपीनगर पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने किशारी से बातचीत कर आरोपी युवक के बारे में पता किया। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपित पुलकित सैनी निवासी प्रेमपुरी रेलवे रोड को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है, आरोपित से पुलिस पूछताछ कर रही है। परिवार के लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हैरतअंगेज यह है कि वीआईपी और भाजपा का  स्टीकर लगी कार में दो घंटे तक दुष्कर्म पीड़िता को लेकर आरोपी बेखौफ महानगर में घूमता रहा और किसी चौराहे पर किसी पुलिसकर्मी ने उसे रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। मेरठ के विधायक रफीक अंसारी के मुताबिक वीआईपी स्टीकर,भाजपा का झंडा और गौरक्षा सेवा समिति पदाधिकारी की आड में  कक्षा 11 की छात्रा की अस्मत रौंद गई। गोरक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन बालियान ने इस युवक पुलकित सैनी के गौरक्षा समिति के पूर्व अध्यक्ष होने की पुष्टि की हैं। भाजपा के महानगर अध्यक्ष का कहना है कि युवक का भाजपा से कोई संबद्ध नही है और वो भाजपा के स्टीकर लगाने के विरुद्ध कार्रवाई करने जा रहे हैं।

घटना शुक्रवार शाम की है। दो दिन बाद घटना प्रकाश में आई है। हालांकि थाना टीपीनगर के प्रभारी दिनेश चंद्र का कहना है कि उनकी तरफ से कोई देरी नही है और अस्पताल से मेमो मिलने के बाद उन्होंने तुरंत गिरफ्तारी कर ली। पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट भी की है। पीड़िता आरोपी युवक से मार्शल आर्ट सीखने जाती थी। इस घटना ने गुरु शिष्य की परंपरा को भी कलंकित किया है।

समाजवादी पार्टी की महिला नेत्री पूजा शुक्ला ने इस पर काफी सख्त प्रतिक्रिया दी है वो कहती है ” योगी सरकार ने एक ही दिन पहले ही ‘मिशन शक्ति ‘ शुरू किया है नवरात्र में महिला शक्ति की पूजा की जाती है। गोरक्षा का दावा करने वाले लोग इस पवित्र समय मे महापाप कर रहे हैं। इसका कारण यह है कि सरकार बलात्कारियों के साथ खड़ी हैं। मेरठ में दो घण्टे तक कार सड़को पर घूमती रही और महिला शक्ति का अपमान होता रहा मगर किसी पुलिसकर्मी की गाड़ी को हाथ देने की हिम्मत नही हुई क्योंकि गाड़ी पर आगे भाजपा का स्टीकर लगा था और पीछे गोरक्षा समिति लिखा था। उन्नाव ,हाथरस, शाहजहांपुर आप कहीं देख लीजिए सरकार बलात्कारियों के पक्ष में खड़ी दिखाई देती है और यह बलात्कारियों को हिम्मत देता है। अब मेरठ पुलिस सफाई दे रही है कि आरोपी का भाजपा से कोई संबंध नही है !मेरठ पुलिस भाजपा की प्रवक्ता क्यों बन रही हैं ! जबकि आरोपी खुद को ही भाजपा का कार्यकर्ता बता रहा है और गोरक्षा समिति का अध्यक्ष भी बता रहा है ! ”

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE