Home India News अच्छी खबर : 10 अगस्त से उमरा करने जा सकेंगे भारतीय

अच्छी खबर : 10 अगस्त से उमरा करने जा सकेंगे भारतीय

स्टाफ़ रिपोर्टर। Twocircles.net

सऊदी अरब ने 10 अगस्त से उमरा यात्रा करने पर लगी रोक को हटाने का फैसला किया हैं। इस्लामी कैलेंडर के नये साल के पहले दिन यानी पहली मुहर्रम से दुनिया भर के मुसलमान अब 10 अगस्त से उमरा यात्रा कर सकेंगे। 10 अगस्त को इस्लामी कैलेंडर के अनुसार नया वर्ष शुरू हो रहा है जिसे मुहर्रम के नाम से जाना जाता है। कोरोना महामारी के चलते पिछले वर्ष से विदेशी श्रृद्धालुओं के लिए उमरा यात्रा करने पर सऊदी अरब हुकूमत ने‌ रोक लगा दी थी। उमरा यात्रा के अलावा हज यात्रा पर भी विदेशी श्रृद्धालुओं के लिए रोक लगी थी।

सऊदी अरब ने लगभग 17 महीने के बाद 1 मुहर्रम 1443 हिजरी यानी 10 अगस्त 2021 से अंतरराष्ट्रीय तीर्थयात्रियों के लिए उमरा यात्रा को फिर से शुरू करने की घोषणा करी हैं। अभी तक उमरा यात्रा की सुविधा सिर्फ सऊदी शहरियों और प्रवासियों के लिए ही थी। सऊदी ने उमरा यात्रा करने की अनुमति कुछ शर्तों के साथ दी हैं।

उमरा की यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए कोविड वैक्सीन की सऊदी अरब में अधिकृत वैक्सीन की दोनों डोज़ लगवाना अनिवार्य होगा। सऊदी हुकूमत ने कोवीशील्ड, फाइज़र, मोर्डेना वैक्सीन को अधिकृत किया है। वैक्सीन का दूसरा टीका लगवाने के 14 दिन बाद ही यात्रा की अनुमति मिलेगी। 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को ही उमरा यात्रा पर जाने की अनुमति होंगी। बच्चों को अभी उमरा यात्रा पर जाने की इजाजत नहीं दी गई हैं।

फिलहाल सऊदी हुकूमत ने उमरा यात्रा करने की अनुमति उन देशों को दी हैं जहां से सीधी उड़ाने सऊदी अरब के लिये खुली हुई हैं। भारत, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, मिस्र, तुर्की, अर्जेंटीना, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और नौ अन्य देशों से लोग सीधे सऊदी नहीं जा सकेंगे। इन तमाम देशों के कोरोना के रेड ज़ोन में होने के चलते सीधे यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है।‌ यहां के लोगों को लेबनान या किसी तीसरे देश में 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन की आवश्यकता होगी। भारत से जाने वाले दुबई में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन होंगे। 

सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त उमरा एजेंसी के माध्यम से आने की अनुमति होगी। उमरा यात्रा की इच्छा रखने वाले दुनिया भर में करीब 6 हजार एजेंसियों और 30 ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रा की बुकिंग करवा सकेंगे। एजेंसियों को 1 मुहर्रम 1443 यानी 10 अगस्त 2021 से शुरू होने वाले प्रवेश के लिए उमराह के लिए वीजा जारी करने के लिए अधिकृत किया गया है, जो इस्लामी कैलेंडर के 15 शबान 1443 हिजरी यानी 18 मार्च 2022 तक जारी रहेगा।

उमरा कभी भी सऊदी अरब जाकर किया जा सकता है। उमरा में हज यात्रा की तरह समय की कोई बाध्यता नहीं होती है। उमरा करने के लिए सऊदी अरब के बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्पेशल उमराह वीजा की जरूरत होती है। यह स्पेशल वीजा लगभग एक महीने तक मान्य रहता है। सऊदी अरब और आसपास रहनेवाले लोग बिना किसी खास दस्तावेज या वीज़ा के उमरा कर सकते हैं।