बसपा सुप्रीमो मायावती की मां रामरती देवी का निधन

स्टाफ़ रिपोर्टर।twocircles.net

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती की मां रामरती देवी का शनिवार शाम दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज़ के दौरान 92 साल की उम्र में निधन हो गया। मायावती की मां काफ़ी समय से बीमार चल रही थी और चार दिन पूर्व ही उन्हें इलाज़ के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां हृदयगति रूक जाने के कारण उनका निधन हो गया। मायावती की मां के निधन पर सीएम योगी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, असदुद्दीन ओवैसी समेत तमाम राजनेताओं ने दुख व्यक्त किया है।


Support TwoCircles

उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती की मां रामरती देवी लंबे से बीमार चल रही थी। कुछ दिन पूर्व ही उन्हें इलाज़ के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज़ के दौरान उनका निधन हो गया। मायावती अपनी मां के निधन की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। लोगों के अंतिम दर्शन के लिए उनकी पार्थिव देह को मायावती के नई दिल्ली के आवास, तीन त्यागराज मार्ग पर रखा गया। आज रविवार को परिवारजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

शनिवार शाम को बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने ट्विट के जरिए मायावती की मां रामरती देवी की निधन की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया कि, “बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की माता रामरती का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया है। कुदरत सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार बहन जी के दिल्ली पहुंचने व परिवार के एकत्र होने पर कल किया जाएगा”। 

बसपा कार्यालय ने भी मायावती के मां के निधन लेकर प्रेस रिलीज जारी की है। बसपा की ओर से जारी प्रेस रिलीज कहा गया है कि बसपा सुप्रीमो की मां काफी मिलनसार थीं और हमेशा अपने परिवार के करीब रहीं। वे अपने अंतिम क्षणों में परिवार के साथ ही रहीं और हमेशा उनके बारे में सोचती रहीं। लेकिन शनिवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। वैसे करीब एक साल पहले मायावती के पिता प्रभुदयाल का भी स्वर्गवास हो चुका है।

बसपा सुप्रीमो मायावती की मां रामरती के निधन के बाद रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मायावती के दिल्ली स्थित आवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंची। इससे पहले मायावती की मां के निधन पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्विट किया कि ‘बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी की माता जी श्रीमती रामरती जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें’।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ट्वीट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती जी की पूज्य माताजी श्रीमती रामरती जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त करते हुए मायावती की माता के निधन को अत्यंत दुखद बताया एवं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना प्रकट करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE