यूपी में भाजपा की जीत के बीच कहाँ खड़े है मुसलमान !

आसमोहम्मद कैफ।Twocircles.net

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीत गई है। संभवतः योगी आदित्यनाथ एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी भारत मे हिंदुत्व के एजेंडे पर चलने वाली पार्टी हैं। भारत में बहुसंख्यक हिंदुओ के सबसे बड़े संगठन आरएसएस को भाजपा की मां समझा जाता है। आमतौर पर भाजपा की मुस्लिम विरोधी छवि हैं,हालांकि बड़े नेता सबके साथ -सबके विकास की बात कहते हैं मगर उस पर सवाल खड़े होते हैं । 8 सालों से केंद्रीय सत्ता पर आसीन भाजपा को हाल के दिनों में 5 राज्यों हुए चुनाव में 4 में जीत मिली हैं। उत्तर प्रदेश इन राज्यों में सबसे बड़ा राज्य है। यहां 19 फ़ीसदी मुसलमान रहते हैं जिनकी आबादी लगभग 4 करोड़ से ज्यादा है।


Support TwoCircles

23 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य में योगी आदित्यनाथ भाजपा के ऐसे मुख्यमंत्री रहे हैं जिन्हें ख़ासकर मुसलमानों के विरुद्ध उनके नजरियों और उनकी सरकार के रुख़ को लेकर चर्चा मिली और वैश्विक स्तर पर उनकी आलोचना हुई है। भगवा वस्त्र धारण करने वाले योगी आदित्यनाथ का यह रूप बहुसंख्यक हिंदुओ को आकर्षित करता है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुसंख्यक समुदाय के सबसे बड़े प्रतीक के तौर पर उनकी पहचान हैं।

योगी आदित्यनाथ के पिछले 5 साल के कार्यकाल में मुसलमानों पर उत्पीडन की कहानियां बिखरी हुई पड़ी है। इसमें फर्जी एनकाउंटर,कारोबारी विध्वंसीकरण और सियासी प्रतीकों के विरुद्ध कार्रवाई जैसे मसले है। सियासत के जानकार मानते हैं कि उनकी मुस्लिम विरोधी छवि के दम पर एक बार फिर विधानसभा चुनाव में उन्हें 271 विधानसभा सीट मिली है। भाजपा के लोग इसे सुशासन से मिली कामयाबी बता रहे हैं। कारण जो भी हो सच यह है कि 37 साल बाद कोई पार्टी उत्तर प्रदेश में दूसरी बार सरकार बना रही है। 403 विधानसभा सीट वाली उत्तर प्रदेश असेम्बली में 202 सीटों पर बहुमत होता है। भाजपा को 2017 में 325 सीटें मिली थी। इस बार वो कम हो गई है। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी को 125 सीटें मिली है। 2017 में समाजवादी पार्टी को 47 सीटें मिली थी।

भाजपा उत्तर प्रदेश में इस कामयाबी से बहुत उत्साहित हैं और राजनीति के जानकार यह मान रहे हैं कि भाजपा अब अपराजित जैसी हो गई है। वो 2024 के लोकसभा चुनाव में आसानी से केंद्र की सत्ता पर काबिज़ हो जाएगी और अल्पसंख्यक मुसलमानों के लिए हालात और भी मुश्किल हो जाएंगे, उनको मुश्किलों में डालने वाले कानून आएंगे ! ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा की राजनीति मुस्लिम विरोध पर केंद्रित है हालांकि वो राष्ट्रवाद का नारा देते हैं मगर उनके तमाम निर्णय बहुसंख्यक हिंदुओ को खुश करने के लिए होते हैं। हिन्दू संगठनों की उग्रता, अल्पसंख्यको के विरुद्ध लगातार जहर उगलने वाले बयानबाजियों को छिपा हुआ संरक्षण जैसा घटनाक्रम यह सिद्ध करता है।

मगर इस सबके बावूजद और तमाम आशंकाओं के दरमियान उत्तर प्रदेश का मुसलमान इस बार कॉन्फिडेंट नजर आ रहा है। 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद जिस प्रकार का भय और आशंकाओं को महसूस किया गया था वो अब मुस्लिम समुदाय में नही दिखाई दे रही है। यह तब है जब मुसलमानों ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पहली एकजुटता से भाजपा सरकार को हराने के लिए पूरे मन से मतदान किया है और सत्ता में भाजपा ही लौट आई है। मुसलमानों के चेहरों पर मायूसी नही है और वो भयाक्रांत भी नही लगते हैं।

‘बाइज्जत बरी ‘जैसी चर्चित किताब लिखने वाले अलीमुल्लाह खान इसे समझाते हैं वो कहते है “मुसलमानों की समझ में आ गया है कि इससे ज्यादा अब और क्या होगा ! उनके अंदर का डर निकल गया है ! उन्होंने जितनी तकलीफ झेलनी थी वो झेल ली है। खासकर पुलिस के माध्यम से उनकी जो दमनकारी नीति अपनाई गई वो उससे भी आगे निकल चुके हैं। कुछ चीजें सकारात्मक भी हुई है। जैसे मुसलमानों का पढ़ाई की तरफ रुझान बढ गया है ! पुलिस थाने और कोर्ट कचहरी में जो उनके आपसी झगड़े होते थे वो कम हो रहे हैं। एक अदृश्य सा भय अब नही है। 2017 का चुनाव भाजपा ने लड़ा था और योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया था। इस बार यह पहले से तय था कि अगर भाजपा जीती तो योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे। इसलिए भी मुसलमानों के लिए कुछ भी अप्रत्याशित नही है। मुस्लिम नोजवानों में आवारागर्दी कम हुई है और वो रोजगार की तरफ उन्मुख हुए हैं,यही कारण है कि वो लोड नही ले रहे हैं। परेशानी सिर्फ उनके लिए है जो सत्ता केंद्रों के नजदीक रहते थे और जनप्रतिनिधियों के करीब और सत्ता के गलियारों में विचरण कर सकते थे,आम मुसलमान ने वोट दे दिया और उसका काम खत्म हुआ “।

एक यह भी बात है कि इस बार के चुनाव में मुसलमानों ने एकतरफ़ा वोटिंग की है। सीएसडीएस के सर्वे के मुताबिक 83 फ़ीसद मुसलमानों ने समाजवादी पार्टी को वोट किया है। 2017 में सपा को 46 फ़ीसद मुसलमानों ने वोट किया था। कांग्रेस को 19 फ़ीसद मुसलमानों ने वोट किया था। वो समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ी थी। बसपा को भी तब 19 फ़ीसद मुसलमानों ने वोट किया था। मुसलमानों के एकतरफ़ा वोटिंग करने के नजरिए को ऐसे समझते हैं कि इस बार कांग्रेस को सिर्फ 3 फ़ीसद मुसलमानों ने वोट किया है जबकि मुसलमानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रियंका गांधी आगे बढ़कर लड़ रही थी। बसपा को इस बार मुसलमानों ने 6 फ़ीसद वोट किया है। अब इस गणित को ऐसे भी समझते हैं कि बसपा ने 86 मुसलमान प्रत्याशियों को टिकट दिया था और कांग्रेस ने 60 टिकट मुसलमानों को दिए थे। वोटिंग ट्रेंड का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व विद्यायक मौलाना जमील अहमद क़ासमी को सिर्फ 1253 वोट मिली और कांग्रेस के बड़े नेता और स्टार प्रचारक सलमान खुर्शीद की पत्नी लुइस खुर्शीद को फरुखाबाद से सिर्फ 2 हजार वोट मिली। जाहिर है बसपा को मिलने वाला 6 फीसदी वोट उनके प्रत्यशियों को मिला।

उत्तर प्रदेश में मुसलमानों की सबसे बड़ी तंजीम जमीयत उलेमा ए हिंद के प्रवक्ता मौलाना मूसा क़ासमी बताते हैं कि मुस्लिम वोटर्स में किसी भी प्रकार का कोई कन्फ्यूजन नही था। वो भाजपा की सरकार को बदलना चाहते थे और इसके लिए मुसलमानों ने वोटों के बंटवारे की संभावना को खत्म कर दिया। राजनीति में समीकरण का बहुत होता है। मुसलमान अपने वोटो के 19 फ़ीसद हिस्सेदारी को एकजुट रखने में काफी हद तक कामयाब हुए मगर भाजपा सरकार का विपक्ष वोट शेयर के गणित को 42 फ़ीसद तक लेकर नही जा पाया। समाजवादी पार्टी सिर्फ 32 फ़ीसद तक पहुंची जबकि भाजपा को 41.3 मत मिले। उनको तसल्ली इस बात की है कि उनके इस बार 36 विद्यायक जीत गए। पिछली बार इनकी संख्या मात्र 23 थी। अब विधानसभा में मुसलमानों का प्रतिनिधित्व ज्यादा है। अब विकास के मुद्दों पर वोट नही हो रही है वरना मुसलमानों की गलियों की गंदगी पर भी तज़किरा होता।

विधायकों की तादाद को लेकर भी उत्तर प्रदेश में मुसलमानों के बीच चर्चा हो रही है। 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के 17 बसपा के 4 और कांग्रेस के 2 विधायकों ने चुनाव जीता था। इस बार समाजवादी पार्टी के 30,रालोद के 2 और सुभासपा के 2 मुस्लिम विद्यायक बने हैं। बागपत के अहमद हमीद, सपा के मुरादाबाद के यूसुफ अंसारी, धामपुर से नईमल हसन सहित आधा दर्जन् प्रत्याशी बेहद नज़दीकी अंतर से चुनाव हार गए। सपा गठबंधन ने 63 मुस्लिम उम्मीदवार लड़ाएं थे, 3 सीटों पर गठबंधन के मुस्लिम प्रत्याशी की हार का अंतर एआईएमआईएम के प्रत्याशी को मिले मतों से कम था तो एक दर्जन सीटों पर बसपा सपा गठबंधन प्रत्याशी की हार की वजह बनी। 2012 में 68 मुस्लिम विद्यायक बने थे। 1991 में यह संख्या सबसे कम 17 थी। सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक यह है कि 30 फ़ीसद से ज्यादा मुस्लिम आबादी वाली सीटों 38 सीटों में से 17 पर भाजपा जीत गई।

सहारनपुर के गूढ़ राजनीतिक शख्सियत फिरोज आफताब बताते हैं कि जहां मुसलमानों के पास प्लस वोट नही था वहां बहुसंख्यक एकजुट हो गया और ये ऐसी ही सीट थी। पूरा चुनाव प्रचार ही जब 80-20 पर केंद्रित था तो जरूरी मुद्दों पर वोट क्यों पड़ती ! मुसलमान एकजुट हो रहा था तो बहुसंख्यक भी एकजुट हो गया और विपक्ष बहुसंख्यक को समझा नही पाया ! जाति की जगह वोटों का धार्मिक बंटवारा हो गया ! फिरोज आफताब बताते हैं कि अगर राजनीतिक गणित से समझा जाये तो मुसलमानों के लिए यह चुनाव काफी सकारात्मकता लेकर आया है। अक्सर उनकी वोटों में जो डिवीजन होता था वो नही हुआ है ! उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुसलमान ने सबके साथ वाली थ्योरी को तोड़ दिया गया है। यह उनकी राजनीति के लिए सबसे प्यारी बात है। 19 फ़ीसद वोट बहुत बड़ी ताकत है इसका खेल अब आगे दिखाई देगा ! यह निश्चित तौर पर जागरूकता है कि जहां जाना है एकमुश्त जाना है ! पिछले कुछ सालों में कोरोना ,बेरोजगारी और महंगाई ने सभी को तकलीफ दी है, अब मुसलमानों को लग रहा है कि हम अकेले ये मुश्किल नही झेल रहे हैं। हमें बहुत ज्यादा प्रतिक्रिया नही देनी है। वो मेहनत मजदूरी में लगे है। फरहाद गाड़ा कहते हैं कि इसमें कामयाबी भी मिल रही है जैसे इस बार भाजपा सरकार के विरोध में 32 फ़ीसद वोट का मिलना ऐसी ही कामयाबी है। यह वोट शेयर बढ़ेगा तो भाजपा को हराया जा सकता है।

सवाल यह है कि भाजपा को हराना ही क्यों है ! आखिर मुसलमान् अपना वुजूद क्यों कायम नही करता है,इससे सेकुलर दलों को लगता है मुसलमान जाएगा कहाँ ! तो वो मुसलमान के मुद्दों पर गंभीर भी नही होते ! फिरोज बताते हैं ! वो जिस विधानसभा नकुड़ के रहने वाले हैं वहां सपा के प्रत्याशी धर्म सिंह सैनी 155 वोटों से चुनाव हार गए हैं। यहां एआईएमआईएम के प्रत्याशी को 4 हजार वोट मिली है। स्थानीय मुसलमान एआईएमआईएम के प्रति नकारात्मक हो गए हैं!वो मान रहे हैं मजलिस ने यहां भाजपा जितवा दी!हालांकि इसकी जिम्मेदार बसपा ज्यादा है ! जिसने यहां मुस्लिम प्रत्याशी लड़ाया ! यूपी में 73 विधानसभा सीटों पर 30 फ़ीसद से ज्यादा मुसलमान है इनमे 39 पर धर्मनिरपेक्ष दल का प्रत्याशी चुनाव जीता है। समीकरण नही होंगे तो मुसलमान सिर्फ 50 फ़ीसद से ज्यादा वाली एक सीट पर जीतेगा। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम ने उत्तर प्रदेश चुनाव में 97 सीटों पर चुनाव लड़ा है और उन्हें कुल साढ़े चार लाख मत मिले हैं।

मेरठ के एडवोकेट ज़फर अहमद बताते हैं कि इस बार वो महसूस कर रहे हैं कि मुसलमान चुनाव परिणाम का कोई असर नही ले रहा है ! उसे चुनाव में भाजपा की जीत से कोई मायूसी नही है ! 8 फीसद मुसलमानों ने भाजपा को भी वोट किया है। वो अपने काम मे लगा है और कोई प्रतिक्रिया नही दे रहा है, ज़फर बताते हैं कि उन्होंने अपने बहुसंख्यक दोस्तों को बाकायदा बधाई दी है, मुसलमानों की सियासत में रुचि कम हुई है और वो झंझट मुक्त जिंदगी,रोजगार और अच्छी पढ़ाई की और बढ़ रहे है। ज़फर बताते हैं कि यह मजबूरी भी लगती है , क्योंकि मुसलमानों को लगता है कि अल्पसंख्यक होने के नाते और बढ़ती सांप्रदायिकता के साथ अब वो सरकार बदल नही पाएंगे। मुसलमान विधायकों की बढ़ी हुई संख्या से खुश है मगर वो यह भी जानता है कि बिना सरकार के ये कुछ कर नही पाएंगे। मुसलमानों ने भाजपा को हराने की जिद में अपने कई हितों को दरकिनार किया है अब समय है कि उन्हें आगे बढ़ जाना चाहिए।

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE