40 हजार की आबादी वाले कस्बे में एक भी बालिका विद्यालय नही , मगर एक बेटी को मिली अमेरिका से 2.30 करोड़ की स्कॉलरशिप

मोहम्मद वसीम Two circles.net के लिए

पुरकाज़ी के चेयरमैन ज़हीर फारूकी एक बड़ी फाइल हमें दिखाते हुए बताते हैं कि वो लगातार अधिकारियों से पत्राचार कर रहे हैं। उनके प्रयास को 4 साल हो गए हैं,मगर पुरकाज़ी को जूनियर हाईस्कूल नही मिल पा रहा है। ज़हीर कहते हैं कि वो नही जानते कि इसके पीछे वज़ह क्या है ! मगर 40 हजार की आबादी वाले पुरकाज़ी में एक भी बालिका विद्यालय नही है। आसपास के गांवों में इंटर कॉलेज है। यह मैं नही कह सकता, ऐसा क्यों हुआ ! पुरकाज़ी के ही रहने वाले पूर्व सांसद सईदुज्ज़मा गृह मंत्री रहे हैं। मुस्लिम बहुल पुरकाज़ी में बड़े नाम तो है मगर बड़े काम नही है। मुझे तकलीफ होती है। कस्बे के प्रथम नागरिक हूँ, मेरी जवाबदेही है। शिक्षा को लेकर यहां उदासीनता है। लड़कियां तो बहुत कम पढ़ने जाती है। अब शायद पुरकाज़ी की बेटी मुस्कान अंसारी की कामयाबी से सीख लेकर कामयाबी की कुछ और इबारत लिखी जाएं। जहीर फारूकी जिस मुस्कान अंसारी का नाम ले रहे हैं उसे अमेरिका के मेसाचुसेट्स में स्थित बॉबसन विधालय से 2.30 करोड़ की स्कॉलरशिप मिली है और इसकी काफी चर्चा हो रही है।


Support TwoCircles

बता दें कि दिल्ली से देहरादून जाने वाले यात्री मुजफ्फरनगर शहर से गुजरने के बाद मशहूर चाट खाने के लिए जिस पुरकाज़ी कस्बे में ब्रेक लेते हैं उसी कस्बे की एक राजमिस्त्री की बेटी ने मुस्कान अंसारी ने यह प्रेरक कहानी लिख दी है। मुस्कान के पिता अय्यूब अंसारी और मां कभी स्कूल नही गए मगर बेटी को अमेरिका के बॉबसन कॉलेज से बुलावा आया है। आमंत्रण भी ऐसा-वैसा नही है। मुस्कान अंसारी को 2.30 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जा रही है। इस पैसे की मदद से मुस्कान दुनिया की सबसे आधुनिक और बेहतरीन शिक्षा को प्राप्त की पाएगी। मुस्कान अंसारी उधमिता के क्षेत्र में पढ़ाई करेगी।

जहीर फारुकी बताते हैं कि वो लगातार यहां शिक्षा के बेहतर प्रयास के लिए जुटे हैं।

सबसे बड़ा आश्चर्य यह है जिस पुरकाज़ी की बेटी ने यह करिश्मा कर दिखाया है, 40 हजार की आबादी वाली उस पुरकाज़ी में लड़कियों को पढ़ाने के लिए एक भी स्कूल नही है। यहां सिर्फ प्राइमरी तक एक स्कूल है जिसमे मुस्कान पांचवी तक पढ़ी है। इसके अलावा जूनियर स्कूल है जिसमे लड़के -लड़कियां दोनों पढ़ते हैं। पुरकाज़ी के मौजूदा चेयरमैन ज़हीर फारूकी बताते हैं कि अब शायद शासन को समझ मे आए और पुरकाज़ी को एक बालिका इंटर कॉलेज मिले,जिसके लिए वो लगातार प्रयास कर रहे हैं।

मुस्कान अंसारी की इस कामयाबी में बुलन्दशहर के विद्याज्ञान संस्थान का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 2014 में मुस्कान ने विद्याज्ञान संस्थान की प्रवेश परीक्षा पास करके वहां पढ़ाई की थी। यह संस्थान आर्थिक रूप कमज़ोर प्रतिभावान बच्चों को अवसर देता है। यहां मुस्कान ने अपनी काबिलियत दर्शाते हुए हाईस्कूल में 97.5 फ़ीसद अंक प्राप्त किए। मुस्कान को अमेरिकी यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई के लिए अब यह फुलटाइम स्कॉलरशिप मिली है। वो देशभर में ऐसे 6 छात्रों में से एक है जिन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में सँघर्ष किया है। इस स्कॉलरशिप में छात्र में छात्र के आने जाने का खर्च, रहने -खाने का खर्च और पढ़ाई का सम्पूर्ण खर्च शामिल होता है।

पुरकाज़ी के मौहल्ले पीरपूरा में रहने वाले मुस्कान के पिता अय्यूब अंसारी और मां रुखसाना दोनों में से कोई भी इसका पूरा मतलब नही जानता है। अय्यूब अंसारी कहते हैं कि कुछ लोग यह समझ रहे हैं कि यह पैसा हमें मिलेगा और हमसे उधार मांगने लगे हैं। हम तो यह भी नहीं जानते कि जिस पढ़ाई को मुस्कान पढ़ने के लिए अमेरिका जा रही है उसका नाम और काम क्या है ! हमने तो बस एक ख्वाब देखा था कि हमारी बेटी को पढ़ना चाहिए ! अब यह तो हमारे ख्वाब से भी बड़ा हो गया कि हमारी बेटी अमेरिका में पढ़ेगी। अय्यूब अंसारी चिनाईमिस्त्री काम करते हैं मगर अभी तक उनका घर पूरी तरह पक्का नही बन पाया है। अय्यूब और उनकी पत्नी रुखसाना कभी स्कूल नही गए हैं। अय्यूब बताते हैं कि हम ‘मियां बीवी ‘ दोनों एक ही बात करते रहे हैं कि हम नही कर पाए वो हमारे बच्चे करेंगे।

पुरकाज़ी में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग मुस्कान को बधाई देने पहुंच रहे हैं।

मुस्कान ने फ़िलहाल विद्याज्ञान से 12 वी की परीक्षा दी है। जिसके परिणाम की प्रतीक्षा की जा रही है। मुस्कान बताती है कि एक बार विद्याज्ञान बुलन्दशहर में ही अमेरिका के बॉबसन कॉलेज का एक प्रतिनिधिमंडल आया था। तब उन्होंने उनसे बात की थी। आज स्कॉलरशिप के लिए उनका चुना जाना एक निहायत ही बड़ी बात है और इससे वो बहुत ज्यादा खुश है। मुस्कान इंट्रोप्रिंन्योरशिप उधमिता में स्नातक की पढ़ाई करने के लिए अमेरिका जाएगी। मुस्कान बताती है कि उनके पुरकाज़ी में लड़कियों के लिए कोई स्कूल नही है यह बात उन्हें बहुत परेशान करती है। हमारे आसपास के गांवों में भी स्कूल है मगर वो समझ नही सकती है कि हमारे कस्बे में बालिका विद्यालय नही है। मुस्कान कहती है वो पुरकाज़ी की लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हमेशा सहयोग करेंगी।

बॉबसन कॉलेज …

मुस्कान के पड़ोसी तनवीर अंसारी कहते हैं कि मुस्कान ने पढ़ाई बहुत खामोशी से की थी मगर उसकी सफलता ने शोर मचा दिया है। पुरकाज़ी बहुत बड़े लोग रहते हैं, मगर इस तरह की कामयाबी पहली बार किसी को मिली है। निश्चित तौर पर अब पुरकाज़ी की लड़कियों में एक प्रेरणा पैदा होगी। आखिर पुरकाज़ी की बेटी अमेरिका पढ़ने जा रही हैं। पुरकाज़ी के चेयरमैन एडवोकेट जहीर फारूकी मुस्कान की सराहना करते हुए कहते हैं अब शायद कुछ लोग नींद से जागेंगे और अपनी बेटियों को पढ़ाएंगे, क्योंकि पुरकाज़ी में बेटियों को स्कूल भेजने का अनुपात काफी कम है।

मुस्कान के पिता अय्यूब एक राजमिस्त्री है…

मुस्कान अंसारी डॉक्टर एपीजे अबुल कलाम और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को अपना आदर्श मानती हैं। वो कहती है कि नेहरू जी बाहर पढ़कर आए और उसके बाद देश सेवा में जुट गए। मैं भी पढ़ने जा रही हूं जो कुछ भी ज्ञान हासिल करूंगी उसे अपने ही देश की लड़कियों में बांटने की विशेषकर प्रयास करूंगी ! मुस्कान अमेरिका में बोस्टन के जिस बाबसन कॉलेज में पढ़ने जा रही है उस कॉलेज को इंट्रोप्रिन्योरशिप की पढ़ाई के लिए दुनिया मे सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। मुस्कान इससे पहले भी अमेरिका जा चुकी है। 18 साल की मुस्कान अंसारी पुरकाज़ी में ही महिलाओं में सेनिटरी नैपकिन को लेकर जागरूक अभियान चला चुकी है और उसकी सामाजिक कार्यो में बहुत रुचि है। मुस्कान की अम्मी रुखसाना मुस्कान की कामयाबी पर बहुत खुश है वो कहती है “मुस्कान हमारी सोच से भी आगे निकल गई है, सिर्फ अमीरों के ही बच्चे नही पढ़ते , मेहनत और लगन हो तो गरीब के पढ़ते हैं”

SUPPORT TWOCIRCLES HELP SUPPORT INDEPENDENT AND NON-PROFIT MEDIA. DONATE HERE